AurangabadBreaking News

बाइक को कट लगने से सड़क पर गिरा युवक, सीमेंट मिक्सर ने कुचला; मौके पर मौत

औरंगाबाद • खासदार टाईम्स वृत्तसेवा

एक दोपहिया वाहन को दूसरी बाइक द्वारा कट लगाए जाने से पीछे बैठा युवक सड़क पर गिर गया। इसी दौरान पीछे से आ रहे तेज रफ्तार सीमेंट मिक्सर के पहिए के नीचे आने से युवक की मौके पर ही मौत हो गई। यह दर्दनाक हादसा शुक्रवार (18 सितंबर) शाम करीब पांच बजे ईएसआईसी अस्पताल के सामने हुआ।

मृतक की पहचान तौसिफ अहमद निहाल अहमद शेख (34), निवासी शरीफ कॉलोनी, के रूप में हुई है। तौसिफ एक कॉमर्स कंपनी में डिलीवरी बॉय के तौर पर काम करता था।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, काम खत्म करने के बाद तौसिफ घर जाने के लिए काफी देर तक वाहनों से लिफ्ट मांग रहा था, लेकिन कोई नहीं रुका। कुछ समय बाद एक दोपहिया चालक ने उसे लिफ्ट दी। दोनों जलगांव रोड की ओर जा रहे थे। ईएसआईसी अस्पताल के सामने पहुंचने पर एक अन्य दोपहिया वाहन ने उनकी बाइक को कट मार दिया। इससे संतुलन बिगड़ने पर तौसिफ सड़क पर गिर गया।

इसी दौरान पीछे से आ रहे सीमेंट मिक्सर क्रमांक एमएच 04 जीआर 1229 ने उसे जोरदार टक्कर मार दी और उसके पहिए के नीचे आने से तौसिफ की मौके पर ही मौत हो गई।

सहायक पुलिस निरीक्षक लहाने के अनुसार, घटना की जानकारी दर्ज करने की प्रक्रिया जारी है। तौसिफ अपने पीछे पत्नी और दो बच्चों को छोड़ गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button