महालक्ष्मी के समक्ष हरी-भरी खेती का आकर्षक दृश्य; श्रद्धा ठाकूर ने किसानों की समृद्धि के लिए की प्रार्थना

जालना/कादरी हुसैन
जालना शहर के मंठा नाका क्षेत्र स्थित म्हाडा कॉलोनी की निवासी कु. श्रद्धा राजेशसिंह ठाकूर ने गौरी-गणपति उत्सव के अवसर पर अपने निवास स्थान पर महालक्ष्मी के समक्ष महाराष्ट्र की हरी-भरी खेती का आकर्षक दृश्य तैयार किया। इस अनोखे दृश्य के माध्यम से उन्होंने महाराष्ट्र के किसानों की खेतियां हमेशा हरी-भरी रहें और किसानों को सुख-समृद्धि प्राप्त हो, इसके लिए भगवान से प्रार्थना की।
श्रद्धा ठाकूर द्वारा तैयार किए गए इस खेती के दृश्य में हरियाली और कृषि संस्कृति की सुंदर झलक देखने को मिली। गौरी-गणपति उत्सव के दौरान घर में तैयार किए गए इस आकर्षक दृश्य ने मंठा नाका परिसर एवं म्हाडा कॉलोनी के रहिवासियों का ध्यान आकर्षित किया।
महाराष्ट्र की अर्थव्यवस्था और ग्रामीण जीवन में खेती का महत्वपूर्ण स्थान है। किसानों की मेहनत और कृषि पर निर्भर परिवारों के जीवन में खुशहाली आए, फसलें अच्छी हों तथा राज्य के खेतों में हमेशा हरियाली बनी रहे, इसी भावना को श्रद्धा ठाकूर ने अपने इस सजावटी दृश्य के माध्यम से प्रस्तुत किया।
गौरी-गणपति उत्सव के धार्मिक वातावरण के साथ-साथ किसानों के प्रति कृतज्ञता और उनके सुख-समृद्धि की भावना को दर्शाने वाला यह उपक्रम परिसरवासियों के बीच आकर्षण का केंद्र बना हुआ है। श्रद्धा ठाकूर द्वारा तैयार किए गए इस दृश्य की स्थानीय नागरिकों ने सराहना की।