वक्फ संशोधन कानून पर सुनवाई टली, अब 15 मई को होगी सुनवाई; सीजेआई संजीव खन्ना बोले- यह मामला मेरे समक्ष नहीं होगा

वक्फ संशोधन कानून को लेकर दाखिल याचिकाओं पर सोमवार (5 मई, 2025) को सुप्रीम कोर्ट में सुनवाई टाल दी गई है। अब इस मामले की अगली सुनवाई 15 मई को होगी। मुख्य न्यायाधीश संजीव खन्ना ने कहा कि इस मामले में विस्तार से सुनवाई की आवश्यकता है।
गौरतलब है कि सीजेआई संजीव खन्ना 13 मई को सेवानिवृत्त हो रहे हैं और 14 मई को जस्टिस भूषण रामाकृष्ण गवई नए मुख्य न्यायाधीश के रूप में शपथ लेंगे। अदालत में केंद्र सरकार की ओर से सॉलिसिटर जनरल तुषार मेहता उपस्थित हुए, जबकि याचिकाकर्ताओं की ओर से कपिल सिब्बल और अभिषेक मनु सिंघवी जैसे वरिष्ठ वकीलों ने पक्ष रखा।
‘यथास्थिति बनी रहेगी’, केंद्र का आश्वासन
सुनवाई के दौरान एसजी तुषार मेहता ने कोर्ट को आश्वासन दिया कि अगली सुनवाई तक वक्फ संपत्तियों को लेकर यथास्थिति बनी रहेगी। पिछली सुनवाई 17 अप्रैल को हुई थी, जिसमें कोर्ट ने कहा था कि पहले से पंजीकृत या अधिसूचित वक्फ संपत्तियों को न छेड़ा जाए, न ही उन्हें गैर अधिसूचित किया जाए। इसके साथ ही वक्फ बोर्ड में नई नियुक्ति पर भी रोक लगाई गई थी।
केंद्र के हलफनामे पर सीजेआई की टिप्पणी
सीजेआई संजीव खन्ना, जस्टिस संजय कुमार और जस्टिस केवी विश्वनाथन की पीठ ने मामले की सुनवाई की। सीजेआई ने कहा कि केंद्र ने जो हलफनामा 25 अप्रैल को दाखिल किया है, उसमें वक्फ बाय यूजर के पंजीकरण को लेकर कुछ महत्वपूर्ण बिंदु उठाए गए हैं। उन्होंने कहा कि कुछ पहलुओं को स्पष्ट करने की जरूरत है।
सीजेआई ने स्पष्ट किया कि वह इस मामले में कोई अंतरिम आदेश नहीं देना चाहते और यह मामला उनके समक्ष नहीं रहेगा। उन्होंने सुझाव दिया कि यदि दोनों पक्ष सहमत हों तो यह मामला जस्टिस गवई की बेंच को सौंपा जा सकता है।
अब 15 मई को जस्टिस गवई की बेंच करेगी सुनवाई
इस पर याचिकाकर्ता पक्ष के वकील अभिषेक मनु सिंघवी ने सहमति जताई और सुझाव दिया कि सुनवाई अगले हफ्ते की जाए। इसके बाद सीजेआई ने 15 मई की तारीख तय कर दी।
सीजेआई के रिटायरमेंट पर भावुक हुए एसजी तुषार मेहता
सुनवाई के दौरान सीजेआई के रिटायरमेंट का जिक्र होते ही सॉलिसिटर जनरल तुषार मेहता भावुक हो गए। उन्होंने कहा कि यह सोचकर दुख होता है कि सीजेआई संजीव खन्ना अब इस बेंच में नहीं होंगे। इस पर सीजेआई ने मुस्कुराते हुए कहा, “नहीं, नहीं मैं इसका इंतजार कर रहा हूं।
