Breaking NewsJammu & KashmirPoliticsUttar Pradesh

पहलगाम हमले के बाद बढ़ा तनाव: गाजियाबाद के गांव में मुस्लिम फेरीवालों की एंट्री पर बैन, सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल

जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकी हमले के बाद देशभर में गम और गुस्से का माहौल है। इस बीच अब इस संवेदनशील मुद्दे पर सियासत और सामाजिक तनाव भी बढ़ता नजर आ रहा है। बीजेपी नेता और महाराष्ट्र सरकार में मंत्री नितेश राणे के विवादित बयान के बाद, कुछ इलाकों से मुस्लिम समुदाय के बहिष्कार की घटनाएं सामने आ रही हैं।

गाजियाबाद के लोनी क्षेत्र स्थित सिरौली गांव से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां गांव में मुस्लिम फेरीवालों की एंट्री पर प्रतिबंध लगा दिया गया है। सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे एक वीडियो में पांच से छह युवक गांव के गेट पर खड़े होकर ऐलान करते दिखाई दे रहे हैं कि “अब कोई भी मुस्लिम फेरीवाला गांव में नहीं आएगा।” साथ ही वे धार्मिक नारेबाजी भी करते नजर आ रहे हैं।

यह वीडियो सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है और इसके बाद से माहौल और ज्यादा संवेदनशील हो गया है। बताया जा रहा है कि यह प्रतिबंध पहलगाम हमले और नितेश राणे के बयान के बाद लगाया गया है। गांव के युवाओं ने सार्वजनिक तौर पर मुस्लिम विक्रेताओं के प्रवेश पर रोक की बात कही है।

गौरतलब है कि इससे पहले भी देश के कई हिस्सों में कुछ दुकानों या मोहल्लों में मुस्लिम व्यापारियों और फेरीवालों के बहिष्कार की घटनाएं सामने आ चुकी हैं, जिन पर मानवाधिकार संगठनों और विपक्षी पार्टियों ने चिंता जताई थी।

हालांकि, इस तरह के बहिष्कार न केवल देश की गंगा-जमुनी तहज़ीब पर चोट करते हैं, बल्कि सामाजिक ताने-बाने को भी नुकसान पहुंचाते हैं। फिलहाल इस मामले में प्रशासन की ओर से कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button