बुलढाणा: कार से मिली 1 करोड़ 97 लाख की नकदी, चुनावी माहौल में मचा हड़कंप

महाराष्ट्र में एक ओर जहां स्थानीय निकाय चुनावों की सरगर्मियां तेज हो रही हैं, वहीं बुलढाणा जिले में एक कार से करोड़ों की नकदी बरामद होने से हड़कंप मच गया है। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 1 करोड़ 97 लाख रुपये की नकदी जब्त की है। इतनी बड़ी रकम मिलने से राजनीतिक गलियारों में हलचल मच गई है। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि यह रकम किसकी है।
मिली जानकारी के अनुसार, बुलढाणा पुलिस ने यह कार्रवाई मलकापुर शहर के पास की। पुलिस को अपने खबरी के माध्यम से गुप्त सूचना मिली थी, जिसके आधार पर मलकापुर के पास सघन नाकाबंदी की गई। इसी दौरान एक कार छत्रपती संभाजीनगर से मलकापुर की ओर आ रही थी, जिसे रोककर तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान कार से 1 करोड़ 97 लाख रुपये नकद बरामद हुए।
कार में दो व्यक्ति सफर कर रहे थे। जब पुलिस ने उनसे पूछताछ की, तो वे इस नकदी के बारे में कोई संतोषजनक उत्तर नहीं दे पाए। इसके बाद पुलिस ने नकदी जब्त कर दोनों यात्रियों को हिरासत में ले लिया है। इस मामले की आगे की जांच बुलढाणा पुलिस कर रही है।
