Breaking NewsJalna

सफा बैतूल माल जालना द्वारा 50 विधवा एवं दिव्यांगों को दी गई आर्थिक सहायता – मानवता और सेवा का उत्कृष्ट उदाहरण

जालना/कादरी हुसैन

जालना शहर की अग्रणी सामाजिक संस्था सफा बैतूल माल जालना ने जरूरतमंदों के उत्थान और सहायतार्थ अपने महत्वपूर्ण जनकल्याणकारी कार्यों की श्रृंखला को आगे बढ़ाते हुए 50 विधवा तथा दिव्यांग लाभार्थियों को आर्थिक सहायता प्रदान की। संस्था द्वारा समाज की कमजोर वंचित महिलाओं और दिव्यांग व्यक्तियों के लिए पाँच-पाँच सौ रुपये का मासिक वजीफ़ा निर्धारित किया गया है, जिसके तहत इस वितरण कार्यक्रम में प्रत्येक लाभार्थी को छह माह की कुल राशि 3,000 रुपये प्रदान किए गए।

यह कार्यक्रम 27 नवंबर, गुरुवार को स्टार फ़ंक्शन हॉल में काज़ी-ए-शरीअत जिला जालना, मुफ़्ती अब्दुर्रहमान की सरपरस्ती में संपन्न हुआ। वितरण की ज़िम्मेदारी मौलाना रईस अहमद मिल्ली ने निभाई। उपस्थित लाभार्थियों को सहायता राशि सौंपते हुए उन्होंने समाज में एक-दूसरे के दुख-दर्द को बाँटने की परंपरा को और मजबूत करने पर बल दिया।

कार्यक्रम में मुफ़्ती फहीम और मुफ़्ती सुहैल ने प्रेरणादायी वक्तव्य दिए। उन्होंने कठिन परिस्थितियों में भी सब्र, ईमानदारी और आत्मसम्मान के साथ जीवन जीने, बच्चियों की सही परवरिश पर ध्यान देने, तथा घर-परिवार में नमाज़ और कुरआन की तिलावत का वातावरण बनाए रखने का संदेश दिया। वक्ताओं ने कहा कि सफा बैतूल माल का यह उपक्रम न केवल आर्थिक सहायता है, बल्कि समाज में आशा, साहस और सकारात्मकता का संचार भी है।

संपूर्ण कार्यक्रम की दस्तावेज़ीकरण प्रक्रिया सफा मौलाना अकबर द्वारा अत्यंत व्यवस्थित रूप से तैयार की गई, जो संस्था की पारदर्शिता और अनुशासन का प्रमाण है।
अंत में मौलाना रईस अहमद मिल्ली की दुआ के साथ यह गरिमामय कार्यक्रम संपन्न हुआ।

इस उपक्रम को सफल बनाने में मुफ़्ती फ़ारूक, मुफ़्ती यूसुफ, मुफ़्ती फहीम, मुफ़्ती सुहैल, मौलाना सलीम, मौलाना अरशद, हाफ़िज़ एज़ाज़ुद्दीन, हाफ़िज़ वसीम, हाफ़िज़ ज़ुबैर, सरदार खान, हाजी इमरान सहित अनेक जिम्मेदार कार्यकर्ताओं का विशेष योगदान रहा।
इनकी निष्ठा, सेवा भावना और संघर्षशीलता के चलते सफा बैतूल माल जालना लगातार समाज के कमजोर तबकों के लिए राहत और सहारे का मजबूत स्तंभ बनकर कार्य कर रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button