औरंगाबाद में दिल दहला देने वाली वारदात! 33 वर्षीय बेटे ने गला घोंटकर और सिर दीवार पर पटककर की 73 वर्षीय पिता की हत्या

औरंगाबाद • खासदार टाईम्स वृत्तसेवा
शहर के रेलवे स्टेशन परिसर स्थित हमालवाड़ा में घरेलू विवाद के चलते एक 33 वर्षीय बेटे ने अपने ही 73 वर्षीय पिता की बेरहमी से हत्या कर दी। शनिवार रात करीब 9:15 बजे हुई इस सनसनीखेज वारदात में आरोपी ने पिता का सिर दीवार पर पटकने के बाद उनका गला घोंट दिया। मृतक की पहचान साहेबराव बाबूराव म्हस्के (73) के रूप में हुई है, जबकि आरोपी बेटे का नाम कैलास साहेबराव म्हस्के (33) है। सातारा पुलिस ने आरोपी को हिरासत में ले लिया है।
पुलिस के अनुसार, साहेबराव हमालवाड़ा स्थित अपने दो मंजिला मकान में तीन बेटों के साथ रहते थे। मकान की ऊपरी मंजिल पर उनका बड़ा बेटा उमेश अपनी पत्नी, तीन पोतियों और एक पोते के साथ रहता था, जबकि भूतल पर साहेबराव अपने बेटों कैलास और विलास के साथ रहते थे। साहेबराव स्वयं खाना बनाकर बेटों को भोजन कराते थे।
शनिवार रात रोजाना की तरह सभी ने खाना खाया। इसके बाद रात करीब 9 बजे छोटा बेटा विलास तंबाकू खाने के लिए घर के पास स्थित दुकान पर चला गया। उस समय साहेबराव और कैलास पलंग पर बैठे हुए थे। इसी दौरान किसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद हो गया।
आरोप है कि विवाद के दौरान कैलास ने पिता का सिर दीवार पर पटक दिया और उनका गला घोंटकर हत्या कर दी। इसके बाद वह घर से निकलकर गली में स्थित दुकान के पास पहुंचा, जहां उसने अपने भाई विलास को बताया कि पिता के साथ उसकी हाथापाई हुई है और वहां से चला गया।
जब विलास घर पहुंचा तो उसने पिता को बेसुध अवस्था में पड़ा देखा। इसके बाद उसने अपने ममेरे भाई संदीप सालवे, बड़े भाई उमेश और भाभी वर्षा को बुलाया। सभी साहेबराव को रेलवे स्टेशन परिसर के एक निजी अस्पताल ले गए। वहां डॉक्टरों ने उन्हें घाटी अस्पताल ले जाने की सलाह दी। घाटी अस्पताल पहुंचने पर आपातकालीन विभाग के डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट में हत्या की पुष्टि
पोस्टमार्टम रिपोर्ट में स्पष्ट हुआ कि साहेबराव की मौत गला घोंटने और सिर पर गंभीर चोट लगने के कारण हुई थी। इसके बाद विलास ने कैलास के खिलाफ पिता की हत्या करने की शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस उपायुक्त रत्नाकर नवले और निरीक्षक कृष्णा शिंदे के मार्गदर्शन में उपनिरीक्षक मारोती खिल्लारे मामले की जांच कर रहे हैं।
हत्या के बाद दूसरे परिवार से मांगा रातभर रुकने का सहारा
पुलिस के अनुसार, पिता की हत्या करने के बाद आरोपी गली में रहने वाले एक परिवार के पास पहुंचा और वहां रातभर सोने के लिए जगह मांगी। इसके बाद वह वहां से फरार हो गया। हालांकि, पुलिस ने देर रात उसे हिरासत में ले लिया।
इस घटना से हमालवाड़ा और आसपास के इलाके में सनसनी फैल गई है।
