जालना में बढ़ती गुंडागर्दी और अतिक्रमण पर दानवे गंभीर, प्रशासनिक समन्वय से समाधान की वकालत

जालना | कादरी हुसैन
जालना : पूर्व केंद्रीय रेल राज्य मंत्री एवं भाजपा के वरिष्ठ नेता रावसाहेब दानवे ने जालना शहर में बढ़ती गुंडागर्दी, कानून-व्यवस्था की बिगड़ती स्थिति, अतिक्रमण और नागरिक सुविधाओं से जुड़ी समस्याओं पर गंभीर चिंता व्यक्त की है। इसी संदर्भ में उन्होंने बुधवार को जालना महानगरपालिका का दौरा कर मनपा आयुक्त से विस्तृत चर्चा की।

दानवे ने स्पष्ट किया कि उनका दौरा महानगरपालिका के कार्यों की समीक्षा के लिए नहीं था, बल्कि नागरिकों द्वारा लगातार उठाई जा रही समस्याओं को प्रशासन के समक्ष रखने के उद्देश्य से था। उन्होंने कहा कि शहर के विभिन्न क्षेत्रों से नागरिकों ने कानून-व्यवस्था, अतिक्रमण और अन्य मूलभूत समस्याओं को लेकर चिंता जताई है, जिसके चलते उन्होंने पहले पुलिस अधीक्षक से भी मुलाकात की थी।
मनपा आयुक्त के साथ बैठक के दौरान दानवे ने शहर के बड़े नालों की समय पर सफाई सुनिश्चित करने और जलनिकासी व्यवस्था को प्रभावी बनाने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि पिछले वर्ष नालों के अवरुद्ध होने के कारण कई घरों में बारिश का पानी घुस गया था, इसलिए इस वर्ष ऐसी स्थिति से बचने के लिए प्रशासन को पहले से तैयारी करनी चाहिए।
इस दौरान उन्होंने महानगरपालिका परिसर में सभापतियों के लिए उपलब्ध कराए गए कक्षों का भी निरीक्षण किया तथा शहर के विकास और प्रशासनिक कार्यप्रणाली से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर चर्चा की।
रावसाहेब दानवे ने सुझाव दिया कि शहर की प्रमुख समस्याओं के समाधान के लिए महानगरपालिका आयुक्त, जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक की संयुक्त बैठक आयोजित की जानी चाहिए। उनका मानना है कि सभी विभागों के समन्वित प्रयासों से कानून-व्यवस्था, अतिक्रमण और नागरिक सुविधाओं से संबंधित मुद्दों का प्रभावी समाधान निकाला जा सकता है।
उन्होंने महापौर, उपमहापौर और नगरसेवकों से भी चर्चा कर शहर की वर्तमान स्थिति की जानकारी ली। दानवे ने उम्मीद जताई कि प्रशासन नागरिकों की अपेक्षाओं के अनुरूप सकारात्मक निर्णय लेकर जालना की समस्याओं के समाधान की दिशा में ठोस कदम उठाएगा।
