Breaking NewsCrime NewsJalna

बस स्टैंड के मोक्ष लॉज में सेक्स रैकेट का भंडाफोड़, AHTU की बड़ी कार्रवाई; महिला मुक्त, 4 आरोपी शिकंजे में

जालना/कादरी हुसैन

जालना शहर के बस स्टैंड रोड स्थित मोक्ष लॉज में चल रहे कथित देह व्यापार के अड्डे पर अनैतिक मानव तस्करी प्रतिबंधक कक्ष (AHTU) की टीम ने बड़ी छापेमार कार्रवाई करते हुए एक महिला को मुक्त कराया और चार आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज करने की प्रक्रिया शुरू की है। कार्रवाई के बाद इलाके में हड़कंप मच गया।

पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि मोक्ष लॉज में आर्थिक लाभ के लिए बाहरी महिलाओं को ठहराकर उनसे अनैतिक देह व्यापार कराया जा रहा है। सूचना की पुष्टि होने पर पुलिस अधीक्षक के निर्देश तथा स्थानीय अपराध शाखा के पुलिस निरीक्षक पंकज जाधव के मार्गदर्शन में AHTU की टीम ने योजनाबद्ध तरीके से लॉज पर छापा मारा।

छापे के दौरान पुलिस ने लॉज से संतोष भोलेनाथ जाधव (32), सुभाष अंबादास वैद्य (40) तथा ग्राहक विशाल संजय बावस्कर (21) को हिरासत में लिया, जबकि लॉज मालिक सचिन नंदू पवार (30) मौके से फरार बताया गया है। पुलिस ने कार्रवाई के दौरान एक पीड़ित महिला को मुक्त कराते हुए 1,415 रुपये नकद सहित अन्य सामग्री भी जब्त की।

प्राथमिक जांच में सामने आया कि आरोपियों द्वारा बाहरी महिलाओं को बुलाकर उनसे देह व्यापार कराया जा रहा था। मामले में सदरबाजार पुलिस थाने में अनैतिक देह व्यापार (निवारण) अधिनियम, 1956 की धारा 3, 4, 5, 6 और 7 के तहत अपराध दर्ज करने की प्रक्रिया शुरू की गई है। शिकायत AHTU के ग्रेड पुलिस उपनिरीक्षक रविंद्र जोशी ने दर्ज कराई है।

यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक तेगबीर सिंह संधू, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विक्रम साळी, उपविभागीय पुलिस अधिकारी अनंत कुलकर्णी तथा पुलिस निरीक्षक पंकज जाधव के मार्गदर्शन में संपन्न हुई। छापेमार दल में AHTU के प्रभारी पुलिस उपनिरीक्षक गणेश शिंदे सहित महिला एवं पुरुष पुलिस कर्मियों की विशेष टीम शामिल रही।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button