ढवलेश्वर सड़क निर्माण पर उठे सवाल, पूर्व विधायक कैलास गोरंट्याल ने की जांच की मांग

जालना | कादरी हुसैन
जालना शहर के ढवलेश्वर क्षेत्र में निर्माणाधीन सड़क की गुणवत्ता को लेकर विवाद गहरा गया है। पूर्व विधायक कैलास गोरंट्याल ने सड़क निर्माण कार्य पर गंभीर सवाल उठाते हुए आरोप लगाया कि सड़क यातायात के लिए शुरू होने से पहले ही बारिश के कारण उसकी गिट्टी उखड़ गई है और कई स्थानों पर दरारें व गड्ढे दिखाई देने लगे हैं।
राजूर चौफुली फ्लाईओवर से ढवलेश्वर की ओर जाने वाली इस सीमेंट सड़क का निर्माण सार्वजनिक निर्माण विभाग (PWD) के माध्यम से कराया जा रहा है। गोरंट्याल का कहना है कि सड़क का काम अभी पूरा भी नहीं हुआ है, लेकिन उसकी वर्तमान स्थिति निर्माण की गुणवत्ता पर सवाल खड़े कर रही है।
मामले को लेकर कैलास गोरंट्याल ने महानगरपालिका आयुक्त से मुलाकात कर सड़क निर्माण में उपयोग की गई सामग्री, तकनीकी मानकों और गुणवत्ता की विस्तृत जांच कराने की मांग की। उन्होंने कहा कि जनता के टैक्स के पैसों से होने वाले विकास कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जा सकती।
पूर्व विधायक ने यह भी कहा कि यदि सड़क पूरी होने से पहले ही इस तरह क्षतिग्रस्त हो रही है, तो निर्माण कार्य की निष्पक्ष जांच आवश्यक है। उन्होंने स्पष्ट किया कि इस पूरे मामले को केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी के संज्ञान में भी लाया जाएगा, ताकि जिम्मेदार अधिकारियों और संबंधित ठेकेदार की जवाबदेही तय की जा सके।
गोरंट्याल ने सरकारी निधि के उपयोग, निर्माण की गुणवत्ता और निर्धारित तकनीकी मानकों के पालन की जांच की मांग करते हुए कहा कि यदि कहीं भी अनियमितता पाई जाती है तो संबंधित लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जानी चाहिए।
सड़क पर शुरुआती दौर में ही दरारें, गड्ढे और गिट्टी उखड़ने की शिकायतों के बाद स्थानीय नागरिकों ने भी संबंधित विभाग से तत्काल स्थल निरीक्षण कर निर्माण कार्य की गुणवत्ता की जांच कराने तथा आवश्यक सुधारात्मक कार्रवाई करने की मांग की है।