AurangabadBreaking News

औरंगाबाद: मतदाता सूची पुनरीक्षण (SIR) में बड़ा खुलासा, एक लाख से ज्यादा मतदाताओं के मिले डुप्लीकेट फोटो

औरंगाबाद/प्रतिनिधि 

औरंगाबाद शहर सहित पूरे जिले में मतदाता सूची के विशेष पुनरीक्षण अभियान (एसआईआर) के तहत मतदाता मैपिंग का कार्य तेजी से जारी है। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार चलाए जा रहे इस विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान के दौरान कई चौंकाने वाले तथ्य सामने आए हैं।

जिलाधिकारी विनय गौडा जी.सी. ने मीडिया से बातचीत में बताया कि प्रारंभिक जांच में जिले के करीब एक लाख मतदाताओं के एक से अधिक फोटो पाए गए हैं। अब इन मामलों की बीएलओ के माध्यम से जांच और सत्यापन किया जाएगा। जिन मतदाताओं के नाम दो जगह दर्ज पाए जाएंगे, उनके खिलाफ निर्वाचन आयोग के नियमों के अनुसार कार्रवाई की जाएगी।

उन्होंने बताया कि जिले में मतदाता मैपिंग का कार्य 75 प्रतिशत से अधिक पूरा हो चुका है, हालांकि शहरी विधानसभा क्षेत्रों में यह प्रगति अभी 55 से 60 प्रतिशत के बीच है। इस प्रक्रिया को तेज करने के लिए अब स्वयं जिलाधिकारी स्तर पर निगरानी की जा रही है।

मैपिंग के दौरान कई ऐसे मामले सामने आए हैं, जिनमें मतदाता अपने पंजीकृत पते पर नहीं मिले, जबकि कुछ मतदाताओं की मृत्यु हो चुकी है। ऐसे मामलों में निर्वाचन आयोग के नियमानुसार संबंधित नामों को “स्थानांतरित मतदाता” और “मृत मतदाता” श्रेणी में शामिल कर मतदाता सूची से हटाने की प्रक्रिया शुरू की जाएगी।

जिलाधिकारी विनय गौडा जी.सी. ने कहा कि यदि किसी एक मतदाता का नाम दो अलग-अलग स्थानों पर दर्ज पाया गया, तो नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने यह भी बताया कि जिले में करीब 50 हजार मतदाताओं के नाम सूची से हटाए जाने की संभावना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button